Deputy Commissioner Orders Zero Tolerance for Waterlogging in Industrial Areas
बहादुरगढ़: झज्जर जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जलभराव, सीवरेज, पेयजल, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (COBI) ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी लंबित समस्याओं और अधूरी विकास परियोजनाओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, सीवरेज नेटवर्क, वर्षा जल निकासी, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रखरखाव तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए उद्योगों की समस्याओं की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया।
आभार
टीम कोबी


