COBI Raises Key Industrial Infrastructure Issues Before Jhajjar District Administration; Monthly Review Meetings to Ensure Time-Bound Solutions
झज्जर जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रही औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) ने आज बहादुरगढ़ एसडीएम कार्यालय में माननीय उपायुक्त, जिला झज्जर श्रीमती वर्षा खांगवाल (आईएएस), अतिरिक्त उपयुक्त श्री जगनिवास, एवं एसडीएम बहादुरगढ़ श्री अभिनव सिवाच (आईएएस) की उपस्थिति में एचएसआईआईडीसी, बहादुरगढ़ नगर परिषद, बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, पब्लिक हेल्थ सहित उद्योगों से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ, कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील गर्ग, श्री नवल गर्ग सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य झज्जर जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित बुनियादी ढांचे एवं अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके शीघ्र समाधान हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना था।
बैठक के दौरान कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने जिले के उद्योगों की ओर से प्रमुख समस्याओं को विस्तारपूर्वक उपायुक्त महोदया एवं संबंधित विभागों के समक्ष रखा। संस्था ने बताया कि एचएसआईआईडीसी के अधीन आने वाले एमआईई पार्ट-ए, एमआईई पार्ट-बी, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर-16, सेक्टर-17 एवं सेक्टर-4बी में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं। कई स्थानों पर सीवरेज नेटवर्क अधूरा है, खुले सीवर एवं मैनहोल दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, पेयजल व्यवस्था अपर्याप्त है, अनेक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, फुटपाथों पर इंटरलॉकिंग टाइलों का कार्य अधूरा है तथा पार्कों का रखरखाव भी नहीं किया जा रहा है।साथ ही पुराने औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित 170/40 फीट सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू करने तथा जून 2023 में स्वीकृत लगभग ₹6.93 करोड़ की आधारभूत संरचना विकास परियोजना, जो लंबे समय से रुकी हुई है, उसके कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने की मांग रखी गई।
कॉन्फेडरेशन ने जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों की जर्जर स्थिति का भी मुद्दा उठाया। रोहड़ औद्योगिक क्षेत्र, जसौर खेड़ी (44 फीट रोड), एस्सार स्टील रोड, पटौदा-करोला रोड, नांगला-औरंगपुर रोड, दुलीना रोड, बादली-सुरा रोड इत्यादि की बदहाल स्थिति के कारण उद्योगों, कर्मचारियों एवं भारी वाहनों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जलभराव एवं गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है तथा उद्योगों की लॉजिस्टिक्स लागत भी प्रभावित होती है।
बैठक में पटौदा-करोला मार्ग के शीघ्र सुदृढ़ीकरण, सड़क किनारे स्थित शराब के ठेकों को हटाने, जाखौदा से गणपति धाम की ओर अधूरे पड़े नाले के निर्माण को तत्काल पूरा करने तथा उद्योगों से संबंधित विभागों द्वारा नियमित संयुक्त निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। साथ ही बहादुरगढ़ में पिछले लगभग पाँच वर्षों से लंबित ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करवाने का भी अनुरोध किया गया।
कोबी ने नगर परिषद बहादुरगढ़ के अंतर्गत आने वाले एमआईई पार्ट-ए, एमआईई पार्ट-बी, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया एवं गणपति धाम औद्योगिक क्षेत्र में नियमित सफाई एवं कूड़ा उठान व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। गणपति धाम औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रमुखता से उठाया। कोबी ने क्षेत्र की सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने तथा गणपति धाम एवं सूर्य नगर औद्योगिक क्षेत्र के अपशिष्ट जल को एचएसआईआईडीसी के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) से जोड़ने की मांग रखी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उद्योगों को भी राहत मिल सके।
बैठक में उद्योगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण “मंथन संपूर्ण विकास केंद्र” का विषय भी उठाया गया। संस्था ने औद्योगिक श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित इस निःशुल्क कौशल एवं शिक्षा केंद्र के संचालन हेतु सरकारी विद्यालयों में स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया।
कोबी ने माननीय उपयुक्त महोदय से निवेदन किया कि उद्योगों के लिए जिला स्तर पर एक निगरानी समिति का गठन किया जाए जिसमें सभी औद्योगिक क्षेत्रों के अनुसार सदस्य शामिल हो साथ ही इसमें औद्योगिक संस्था के प्रतिनिधि ओर विभागीय अधिकारी भी हों ताकि उद्योगों के विकास ओर निर्माण के लिए किये जा रहे कार्यों का विधिवत आंकलन किया जा सके।
बैठक के दौरान उपायुक्त महोदया श्रीमती वर्षा खांगवाल ने कॉन्फेडरेशन द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक माह इस प्रकार की बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सतत निगरानी हो सके।
मंथन संपूर्ण विकास केंद्र के संबंध में उपायुक्त महोदया ने स्वयं केंद्र का दौरा करने की सहमति दी तथा कहा कि केंद्र का निरीक्षण करने के उपरांत इसके विस्तार एवं संचालन के लिए प्रशासन की ओर से संभावित सहयोग एवं समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने बैठक के सफल आयोजन एवं उद्योगों की समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिले के सभी उद्योगपतियों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, सीवरेज, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सफाई, पेयजल अथवा किसी भी प्रकार की आधारभूत संरचना से संबंधित कोई समस्या है तो वे उसे कोबी हेल्पलाइन-7500100080 पर अवश्य साझा करें, ताकि अगली मासिक समीक्षा बैठक से पूर्व उन सभी समस्याओं का आंकलन कर जिला प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके और उनके शीघ्र समाधान की दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
आभार
टीम कोबी


