Every Life Matters – Let Safety Be Our Highest Priority
अपील एवं संवेदना संदेश
हाल ही में झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में एक अत्यंत दुखद दुर्घटना घटी, जिसमें लगभग 50 वर्ष पुराने बंद पड़े कुएं में जहरीली गैस के प्रभाव में आने से चार ग्रामीणों की असामयिक मृत्यु हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे एक फंसे हुए बछड़े को बचाने का प्रयास कर रहे थे। यह घटना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) झज्जर जिले के समस्त उद्योगों की ओर से दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।
इस दुखद घटना से हमें एक महत्वपूर्ण सीख लेने की आवश्यकता है। कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ झज्जर जिले के सभी उद्योगपतियों से विनम्र अपील की जाती है कि वे अपने उद्योगों में सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करें। यदि किसी उद्योग में अनुपयोगी बोरवेल, खुले बोरवेल, भूमिगत टैंक, सीवर, सम्प, पिट, मैनहोल अथवा अन्य किसी प्रकार के बंद स्थान मौजूद हैं, तो उन्हें तत्काल सुरक्षित रूप से बंद करवाएं, उचित बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेत लगवाएं तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें।
साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे स्थानों पर बिना उचित प्रशिक्षण, गैस परीक्षण, पर्याप्त वेंटिलेशन, परमिट प्रणाली तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के किसी भी कर्मचारी को प्रवेश न करने दिया जाए। सभी कर्मचारियों को समय-समय पर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया जाए तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं बचाव उपकरण उपलब्ध रखे जाएं।
इस प्रकार के बोरवेल, कुएं, पिट अथवा अन्य बंद स्थानों में प्रवेश करने से पूर्व यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है कि वहां पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध है तथा किसी प्रकार की जहरीली गैस मौजूद नहीं है। प्रारंभिक स्तर पर एक सामान्य परीक्षण के रूप में जलती हुई मोमबत्ती, दीपक या लालटेन को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा जा सकता है। यदि वह तुरंत बुझ जाए, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि वहां ऑक्सीजन की कमी है अथवा हानिकारक गैसें मौजूद हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी व्यक्ति को वहां प्रवेश करने का प्रयास बिल्कुल नहीं करना चाहिए। तत्काल संबंधित विशेषज्ञों की सहायता लें तथा उचित गैस परीक्षण उपकरणों एवं सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों के बाद ही आगे की कार्रवाई करें।
हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्पादन करना और उसे बढ़ाना निश्चित रूप से आवश्यक है, किन्तु उससे कहीं अधिक आवश्यक प्रत्येक कर्मचारी का सुरक्षित अपने घर लौटना है। एक छोटी-सी लापरवाही भी किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ जिले के सभी उद्योगपतियों से आग्रह करता है कि सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा अपनी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।
आइए, हम सभी मिलकर एक सुरक्षित औद्योगिक वातावरण का निर्माण करें और ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने का संकल्प लें।
आभार
टीम कोबी

