District Administration Conducts Pre-Monsoon Inspection in Bahadurgarh Industrial Areas
औद्योगिक क्षेत्रों में आगामी मानसून सीजन के दौरान जलभराव एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए दिनांक 28 मई 2026 को बहादुरगढ़ एमआईई पार्ट-ए एवं पार्ट-बी औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में उपायुक्त झज्जर श्रीमती वर्षा खांगवाल एवं एसडीएम बहादुरगढ़ श्री अभिनव सिवाच ने टीम कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) तथा टीम बीसीसीआई प्रोग्रेसिव फ्रंट के प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया।
कोबी समय समय पर झज्जर जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का इसी प्रकार निरीक्षण कर प्रशासन के समझ उनकी समस्याओं को रखती आई है और आगे भी इसी प्रकार निरीक्षण करती रहेगी।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में सीवरेज निकासी व्यवस्था, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, नालों एवं ड्रेनेज सिस्टम की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। विशेष रूप से उन स्थानों का निरीक्षण किया गया जहां पिछले वर्षों में बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्याएं सामने आई थीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मानसून के आगमन से पूर्व सभी सीवरेज लाइनों, नालों एवं ड्रेनेज चैनलों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जहां कहीं भी अवरोध या तकनीकी समस्याएं हैं, उनका तत्काल समाधान किया जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त महोदया ने स्पष्ट किया कि प्रशासन बाढ़ एवं जलभराव जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली बरसात के दौरान सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं ताकि औद्योगिक इकाइयों, आवासीय क्षेत्रों एवं आसपास की कृषि भूमि को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वर्षा के दौरान उद्योगों का संचालन बाधित न हो तथा आमजन को भी किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था का भी विस्तृत अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई अभियान चलाने एवं औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) की ओर से इस निरीक्षण में अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, महासचिव श्री प्रदीप कोल, संयुक्त सचिव श्री सुरिंदर विशिष्ट, माननीय कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील गर्ग, श्री पवन लाकड़ा सहित अनेक उद्योगपति एवं कोबी सदस्य उपस्थित रहे। उद्योग प्रतिनिधियों ने प्रशासन को औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया तथा उनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
कोबी द्वारा आज एमआईई पार्ट-ए एवं पार्ट-बी औद्योगिक क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से संबंधित फोटोग्राफ्स एवं अन्य आवश्यक जानकारी भी उपायुक्त, एसडीएम एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ साझा की गई है, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर समय रहते उचित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए इस सक्रिय प्रयास का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे तथा उद्योगों से संबंधित आधारभूत संरचना एवं जनसुविधाओं की समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति प्राप्त होगी।
आभार
टीम कोबी एवं
टीम बीसीसीआई प्रोग्रेसिव फ्रंट






