COBI Holds Strategic Meeting with UHBVNL to Strengthen Power Supply Across Jhajjar Industrial Areas
झज्जर जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) ने आज बहादुरगढ़ यूएचबीवीएनएल (बिजली विभाग) के माननीय एक्सईएन श्री सचिन दहिया एवं उनकी टीम के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में आ रही बिजली संबंधी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का उद्देश्य उद्योगों के समक्ष आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं का समाधान निकालना तथा भविष्य में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में कोबी के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, उपाध्यक्ष श्री विपिन बजाज, महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ सहित कोबी के माननीय कार्यकारिणी सदस्य श्री नवल गर्ग, माननीय सदस्य श्री रोहित छाबड़ा, श्री अंशुल गर्ग, श्री ऋषभ कादयान, श्री अभय छाबड़ा एवं अन्य उद्योगपति एवं कोबी सदस्य उपस्थित रहे। यूएचबीवीएनएल बहादुरगढ़ की ओर से माननीय एक्सईएन श्री सचिन दहिया, एसडीओ श्री राहुल, जेई श्री लोकेश, श्री जगमोहन और श्री अंकित भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एक्सईएन श्री सचिन दहिया ने जानकारी दी कि एमआईई पार्ट-ए स्थित बंसल ट्यूब्स के अतिरिक्त बिजली बिल का मामला अगले एक-दो दिनों में ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि एमआईई पार्ट-ए में वर्तमान में हो रही ट्रिपिंग मुख्यतः खराब मौसम के कारण है तथा यह एक अस्थायी समस्या है। मौसम सामान्य होते ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
सेक्टर-17 के फीडर नंबर-15 पर लग रहे बिजली कटों के संबंध में एक्सईएन महोदय ने बताया कि सेक्टर-16 एवं 17 क्षेत्र में दो ट्रांसफॉर्मरों में से वर्तमान में केवल एक ही ट्रांसफॉर्मर कार्यरत है, जिसके कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लगभग 15 दिनों के भीतर दूसरे ट्रांसफॉर्मर को भी चालू कर दिया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में लगने वाले बिजली कटों में काफी कमी आएगी।
एमआईई पार्ट-ए के फीडर नंबर-25 पर बार-बार होने वाले बिजली कटों का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर एक्सईएन महोदय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस समस्या का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने यह भी अवगत कराया कि रविवार को होने वाले निर्धारित रखरखाव के कारण लगने वाले बिजली कटों की सूचना बहुत देर से प्राप्त होती है, जिससे उत्पादन की पूर्व योजना बनाना अत्यंत कठिन हो जाता है। इस पर माननीय एक्सईएन श्री सचिन दहिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब से रविवार के निर्धारित रखरखाव संबंधी बिजली कटों की सूचना प्रत्येक शनिवार सायं 5:00 बजे से पूर्व उद्योगों को उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि उद्योग अपने उत्पादन की बेहतर योजना बना सकें।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत लोड बढ़ाने के कार्यों की प्रगति की भी जानकारी साझा की गई। एक्सईएन महोदय ने बताया कि सेक्टर-16 में लगभग 15 दिनों के भीतर लोड क्षमता बढ़ाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जाखौदा क्षेत्र में यह कार्य अक्टूबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। आसौदा क्षेत्र के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है तथा लगभग एक वर्ष के भीतर वहां भी क्षमता विस्तार का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एमआईई पार्ट-ए में अगले 8 से 9 महीनों के भीतर विद्युत क्षमता में वृद्धि कर दी जाएगी।
कोबी ने यूएचबीवीएनएल के माननीय एक्सईएन श्री सचिन दहिया एवं उनकी पूरी टीम का उद्योगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं सकारात्मक तरीके से समाधान करने का आश्वासन देने के लिए आभार व्यक्त किया। विभाग एवं उद्योगों के बीच इस प्रकार के नियमित संवाद से औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उद्योगों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
आभार
टीम कोबी


