COBI Fulfills Commitment to Support Families Affected by Industrial Fire
झज्जर जिले के समस्त उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाली औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) द्वारा कुछ समय पहले एमआईई स्थित एक औद्योगिक इकाई में हुई दुःखद आगजनी की घटना में दिवंगत हुए दोनों श्रमिकों के परिवारों को सहायता प्रदान करने का संकल्प आज पूर्ण हो गया।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने झज्जर जिले के उद्योगपतियों के सहयोग से दोनों पीड़ित परिवारों के लिए कुल ₹5 लाख की सहायता राशि एकत्रित की थी, जिसमें प्रत्येक परिवार को ₹2.50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया था।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ, श्री गजेन्द्र यादव, श्री अशोक, श्री विकास, श्री नरेंद्र सिंघल ओर श्री विकास गुप्ता सहित अन्य कोबी सदस्यों ने दोनों परिवारों के आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण करा दी है।
इसी क्रम में कल स्वर्गीय श्री शैलेश कुमार की पुत्री कुमारी अंकिता को ₹2.50 लाख का सहायता चेक प्रदान किया गया था।
आज स्वर्गीय श्री संतोष कुमार की माताजी श्रीमती कमला जी को श्री संतोष कुमार जी की पुत्री कुमारी विनीता के नाम पर भी ₹2.50 लाख का सहायता चेक सौंप दिया गया। इसके साथ ही दोनों पीड़ित परिवारों को घोषित आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो गई है।
इस अवसर पर कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने झज्जर जिले के सभी उद्योगपतियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के कारण ही यह मानवीय कार्य संभव हो पाया है।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि भविष्य में जब इन दोनों बेटियों कुमारी अंकिता एवं कुमारी विनीता के विवाह का अवसर आएगा, तब भी झज्जर जिले के उद्योगों के सहयोग एवं सहभागिता से कोबी द्वारा यथासंभव आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा।
उद्योग केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज के सुख-दुःख में सहभागी बनकर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना भी उनका नैतिक दायित्व है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज झज्जर जिले के सभी उद्योगपतियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का इस पुनीत कार्य में उनके अमूल्य योगदान के लिए पुनः हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती है।
आभार
टीम कोबी

