Bahadurgarh Industries Unite for Change Under Team Progressive Front
करीब 50 वर्षों पुरानी औद्योगिक संस्था बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ (बी सी सी आई), जिसे पिछले कई वर्षों से कुछ लोगों द्वारा अपने निजी स्वार्थों के चलते प्रभावित एवं नियंत्रित किया जा रहा था, अब एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच चुकी है। संस्था की चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। लंबे समय से औद्योगिक हितों की अनदेखी और संगठन की निष्क्रियता के कारण उद्योग जगत में जो असंतोष था, अब उसे दूर करने की उम्मीद जगी है।
इसी क्रम में, संस्था को बचाने और पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से झज्जर जिले के सभी उद्योगों का नेतृत्व कर रही कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) की पहल पर पैनल “टीम प्रोग्रेसिव फ्रंट” के नाम से बहादुरगढ़ के सभी तरह के उत्पादों से जुड़े हुए उद्योगपतियों का एक संगठन तैयार हुआ और उन्होंने सामूहिक रूप में उद्योगों को बचाने के लिए एकजुटता के साथ अपना नामांकन पत्र आज बी सी सी आई कार्यालय में रिटर्निंग ऑफिसर को विधिवत रूप से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल का समर्थन किया। यह नामांकन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संस्था में नई सोच, नई ऊर्जा और जवाबदेही स्थापित करने का संकल्प है।
इस टीम में बहादुरगढ़ के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं प्रोफेशनल्स सदस्य एवं सहभागी के रूप में शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से प्रवीण गर्ग, विपिन बजाज, सुशील गोयल, केदार सिंह भदौरिया, सतीश अग्रवाल, सुरेंद्र वशिष्ठ, विजय गुप्ता, एस सी शारदा, पुरुषोत्तम गोयल, सुनील शर्मा, राजेश गर्ग, अभिषेक कृपलानी, अशोक कुमार मित्तल, अंकुर मित्तल, प्रदीप कौल, तिलक राज गर्ग, दीपक शर्मा, एडवोकेट बलबीर सिंह, विनोद गुप्ता, नवल गर्ग पवन लाकड़ा, सुनील गर्ग, सीए अनिल गुप्ता, सुरेश जैन, दलीप कौल, संजय जैन, मोहन लाल मनोचा, केशव जैमिनी, अजय अरोरा, पवन लाकड़ा, विवेक खुलकर, शुभम ओझा, रवि चमड़िया, कपिल गर्ग, एवं अशोक रेडू शामिल हैं। इस विविध और अनुभवी टीम का गठन इस उद्देश्य से किया गया है कि हर वर्ग और हर क्षेत्र की समस्याओं को समझते हुए उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बहादुरगढ़ के लगभग सभी उद्योगपतियों ने टीम का समर्थन कर उन्हें आश्वासन दिया के आप सभी इस निस्वार्थ सामाजिक कार्य के लिए आगे बढ़ो हम सभी टीम प्रोग्रेसिव फ्रंट के साथ हैं।
“टीम प्रोग्रेसिव फ्रंट” का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बहादुरगढ़ एवं झज्जर जिले के सभी उद्योगों का विकास और विस्तार किसी भी व्यक्ति या समूह के निजी स्वार्थ के कारण बाधित न हो। टीम का मानना है कि एक मजबूत और सक्रिय औद्योगिक संस्था ही क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास की आधारशिला होती है। इसी दृष्टिकोण के साथ यह टीम उद्योगों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं—जैसे अधोसंरचना विकास, प्रशासनिक समन्वय, श्रमिक कल्याण, और नीतिगत सुधार—पर गंभीरता से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके अतिरिक्त, टीम का फोकस संस्था में पारदर्शिता, नियमित संवाद और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर रहेगा। सभी निर्णयों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा तथा प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा।
प्रवीण गर्ग ने कहा कि “टीम प्रोग्रेसिव फ्रंट” उद्योगों तथा उनमें कार्यरत कर्मचारियों के समग्र विकास के लिए निस्वार्थ भाव से दिन-रात कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। टीम का यह भी संकल्प है कि वह सरकार एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर उद्योगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी और क्षेत्र को एक सशक्त औद्योगिक हब के रूप में विकसित करेगी।
टीम को पूर्ण विश्वास है कि 11 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात 12 मई से ही सकारात्मक बदलाव की शुरुआत देखने को मिलेगी। यह बदलाव न केवल संगठन के कार्यकलापों में, बल्कि पूरे औद्योगिक माहौल में नई ऊर्जा, विश्वास और पारदर्शिता का संचार करेगा, जिससे बहादुरगढ़ एवं झज्जर जिले का औद्योगिक भविष्य और अधिक सुदृढ़ एवं उज्ज्वल बनेगा।
आभार
टीम प्रोग्रेसिव फ्रंट

