High-Level Meeting Between District Administration and COBI Focuses on Resolving Industrial Issues in Bahadurgarh
आज बहादुरगढ़ स्थित लघु सचिवालय कैंप कार्यालय में माननीय झज्जर जिला उपायुक्त महोदय श्री स्वप्निल रवींद्र पाटिल (आईएएस) द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के को सुनने ओर उनका समाधान करने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बहादुरगढ़ के माननीय एसडीएम श्री अभिनव सिवाच (आईएएस) तथा उद्योग से संबंधित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग के मार्गदर्शन में, झज्जर जिले के समस्त उद्योगों का प्रतिनिधित्व करते हुए कोबी के माननीय महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेंद्र वशिष्ठ सहित कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील गर्ग, श्री पुरुषोत्तम गोयल, श्री रवि चमड़िया, श्री सुशील गोयल, तथा अन्य सदस्य एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक उद्योगपति इस बैठक में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर उद्योगों से संबंधित विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को माननीय उपायुक्त महोदय के समक्ष विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने अपने वक्तव्य में कहा कि माननीय उपायुक्त महोदय श्री स्वप्निल रवींद्र पाटिल (आईएएस) एवं माननीय एसडीएम बहादुरगढ़ श्री अभिनव सिवाच (आईएएस) के विशेष प्रयासों से इस प्रकार की बैठक को नियमित रूप से आयोजित किया जाना संभव हो पाया है, जिसके लिए कोबी एवं झज्जर जिले के सभी उद्योगों उनके प्रति आभार व्यक्त करता है।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा औद्योगिक समस्याओं के समाधान के लिए पुनः आश्वासन दिया गया। यह एक सकारात्मक संकेत है कि इस प्रकार की समन्वय बैठकें अब नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं, जिससे उद्योगों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखा जा सकता है।
बैठक के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा एवं निर्णय लिए गए—
- औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु नगर परिषद बहादुरगढ़ द्वारा एक सुपरवाइजर नियुक्त किया जाएगा, जो यह सुनिश्चित करेगा कि इंडस्ट्रियल एरिया में नियमित रूप से सफाई एवं घरेलू कचरे का उठान हो रहा है।
- रेलवे रोड से सांखोल की ओर स्थित एचएसआईआईडीसी की खाली भूमि को कचरा डंपिंग के लिए उपयोग में लाने का प्रस्ताव रखा गया।
- एमआईई औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा।
- जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले कार्यों की जांच हेतु एक कमेटी का गठन किया जाएगा जिसमें कोबी सदस्यों की भी अग्रिम भूमिका रहेगी ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
- ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में सीवर लाइन का कार्य 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जैसा कि अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया। स्ट्रीट लाइट स्थापना का टेंडर आवंटित हो चुका है तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
- ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों के निर्माण से संबंधित मामले में माननीय उपायुक्त महोदय ने निर्देश दिए हैं कि माननीय एसडीएम बहादुरगढ़ के अधीन एक समिति का गठन किया जाए, जो इस विषय की जांच कर उचित निर्णय ले।
- माननीय एसडीएम बहादुरगढ़, पीडब्लूडी एवं एचएसआईआईडीसी अधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा कर कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेंगे।
- एचएसआईआईडीसी के अनुसार सेक्टर 17 एवं 4बी में सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि सेक्टर 16 में कार्य प्रगति पर है।
- माननीय उपयुक्त महोदय ने कहा कि गैस सप्लाई को 50% तक सीमित करने संबंधी कोई आधिकारिक अधिसूचना नहीं है। यदि किसी उद्योग को इस संबंध में समस्या आ रही है, तो संबंधित एजेंसी से अधिसूचना साझा करने के लिए कहा जाए।
- एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को रोकने हेतु प्रशासन द्वारा सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है।
- जाखौदा से जो नाला निर्माणाधीन है, उसे भी शीघ्र ही जोड़ (कनेक्ट) दिया जाएगा।
हालांकि, कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने यह भी चिंता व्यक्त की कि जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति अत्यंत धीमी है। बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा अपेक्षित एवं ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण उद्योगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कोबी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उद्योगों से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु ठोस एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिल सके और उद्योगों को राहत प्राप्त हो।
आभार
टीम कोबी

