COBI Welcomes New Regional Officer, Reinforces Commitment to Sustainable Industrial Growth
झज्जर के उद्योगों के हित में कोबी का प्रतिनिधिमंडल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय पहुँचा बहादुरगढ़ (झज्जर)
झज्जर जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों एवं उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के प्रतिनिधिमंडल ने आज हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय, बहादुरगढ़ में नवनियुक्त क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती शमिता जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कोबी प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें झज्जर जिले के औद्योगिक विकास, विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों तथा उद्योगों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। साथ ही अनुरोध किया कि भविष्य में उद्योगों से संबंधित किसी भी प्रकार के नए दिशा-निर्देश, नियम अथवा सरकारी आदेश प्राप्त होने पर उनकी जानकारी समयबद्ध रूप से उद्योगों तक पहुँचाई जाए तथा विभाग द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे उद्योग पर्यावरणीय मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए सतत एवं जिम्मेदार औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने इस अवसर पर पूर्व क्षेत्रीय अधिकारी श्री आशीष कौशिश द्वारा अपने कार्यकाल में उद्योगों के साथ स्थापित सकारात्मक संवाद, सहयोगात्मक कार्यशैली एवं सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कोबी के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने कहा कि उद्योगों और प्रशासन के बीच नियमित संवाद, पारदर्शिता, आपसी विश्वास एवं समन्वय ही औद्योगिक विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि विभाग समय-समय पर उद्योगों का मार्गदर्शन करता रहे तो पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक प्रगति दोनों उद्देश्यों को साथ लेकर आगे बढ़ा जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला उपायुक्त श्रीमती उषा खांगवाल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में झज्जर जिले में प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच देखने को मिल रही है। वर्तमान में जिले के अनेक महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व महिला अधिकारी कर रही हैं, जो नारी सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) की ओर से जिले की सभी महिला अधिकारियों को उनके नेतृत्व, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी गई। कोबी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में उद्योगों, प्रशासन एवं समाज के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा झज्जर जिला औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर कोबी की ओर से अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, विजेंद्र गुलाटी एवं अंकुर बंसल उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में उद्योगों एवं विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का विश्वास व्यक्त किया।
आभार
टीम कोबी


