COBI Organizes Free Health Camp for Industrial Workers and Their Children
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाली औद्योगिक संस्था कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) द्वारा, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के सहयोग से उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके बच्चों के लिए संचालित “निशुल्क शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र – मंथन (सम्पूर्ण विकास केंद्र)” के माध्यम से एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
यह शिविर कर्मचारियों एवं उनके बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया, जिसमें बहादुरगढ़ स्थित डीडीके ग्लोबल हॉस्पिटल से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में डॉ. महेश, डॉ. नीरज वर्मा, डॉ. रवि एवं डॉ. कृतिका उपस्थित रहे। इनके साथ सहयोगी टीम सदस्य श्री हंसराज, श्रीमती ज्योति, श्री अतुल, श्रीमती नविता, श्रीमती सुनीता एवं श्रीमती यशावी सैनी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
शिविर के दौरान 150 से अधिक कर्मचारियों एवं उनके बच्चों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। चिकित्सकों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया, जिससे कर्मचारियों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया जा सके।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने सभी चिकित्सकों एवं दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के समर्पित सदस्यों का इस शिविर को सफलतापूर्वक आयोजित करने हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “यदि उद्योगों के कर्मचारी स्वस्थ रहेंगे और उनके बच्चे स्वस्थ एवं शिक्षित होंगे, तो हमारे उद्योग भी निरंतर प्रगति करेंगे। कर्मचारियों का स्वास्थ्य हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।”
इस प्रकार का आयोजन उद्योग जगत एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक कदम सिद्ध होगा।
आभार
टीम कोबी




