Connecting Industries for Cleaner Water, Greener Future, and a Cleaner Yamuna.
मिशन क्लीन यमुना के तहत औद्योगिक क्षेत्रों को एसटीपी/सीईटीपी से जोड़ने की योजना पर मंथन
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का प्रतिनिधित्व कर रही औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय में आज मिशन क्लीन यमुना के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एचएसवीपी, सिंचाई विभाग, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण विभाग तथा नगर परिषद बहादुरगढ़ के अधिकारियों ने गणपति धाम औद्योगिक क्षेत्र, सूर्या नगर औद्योगिक क्षेत्र सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को एसटीपी/सीईटीपी से जोड़ने की प्रस्तावित योजना के लेआउट पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में गणपति धाम के चेयरमैन अशोक गुप्ता, कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग सहित गणपति धाम के उद्योगपति एवं कोबी सदस्य अनिल गोयल, शिव कुमार, विकास गुप्ता, अभय , भारत भूषण, अजय गुलाटी, पारस सहित अन्य उद्योगपति उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं उद्योगपतियों ने प्रस्तावित पाइपलाइन, विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के कनेक्टिंग पॉइंट, पानी के प्रवाह, मौजूदा ड्रेनेज व्यवस्था तथा एसटीपी/सीईटीपी तक अपशिष्ट जल पहुंचाने के संभावित मार्गों पर विचार-विमर्श किया।
इस दौरान उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि योजना तैयार करते समय सभी संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए, ताकि परियोजना का दीर्घकालिक लाभ उद्योगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी मिल सके।
कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने कहा कि मिशन क्लीन यमुना के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में प्रभावी सीवरेज नेटवर्क तथा पर्याप्त क्षमता वाले एसटीपी/सीईटीपी की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। गणपति धाम, सूर्या नगर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को इस परियोजना से जोड़ने पर अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार संभव होगा। इससे उद्योगों को राहत मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण, जल प्रदूषण की रोकथाम तथा यमुना की स्वच्छता की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट एवं अंतिम लेआउट शीघ्र तैयार करने का अनुरोध किया, ताकि योजना को निर्धारित समय में धरातल पर उतारा जा सके।
कोबी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि एसटीपी/सीईटीपी परियोजना के क्रियान्वयन से गणपति धाम, सूर्या नगर तथा आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की लंबे समय से चली आ रही सीवरेज एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
आभार
टीम कोबी



