COBI to Hold Annual General Meeting on August 25
25 अगस्त को होगी कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) की वार्षिक आम सभा
झज्जर जिले के समस्त उद्योगों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रही अग्रणी औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज संस्था के महासचिव प्रदीप कोल के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। बैठक में संस्था के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग , उपाध्यक्ष विपिन बजाज, संयुक्त सचिव सुरेंद्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल सहित कार्यकारिणी सदस्य पुरुषोत्तम गोयल, रवि चमड़िया, दीपक शर्मा, नवल गर्ग, राजेश गर्ग, विजेंदर गुलाटी, अमरीक सिंह लाल सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया तथा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हरियाणा सोसायटी पंजीकरण एवं विनियमन अधिनियम, 2012 के प्रावधानों के अनुरूप संस्था की वार्षिक आम सभा (Annual General Meeting) आगामी 25 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। संस्था प्रत्येक वर्ष निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी वार्षिक आम सभा आयोजित कर लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी व्यवस्था का पालन करती आ रही है।
बैठक में इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया गया कि कोबी हरियाणा की उन चुनिंदा औद्योगिक संस्थाओं में शामिल है जो हरियाणा सोसायटी अधिनियम, 2012 के सभी नियमों एवं प्रावधानों का पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ पालन करते हुए कार्य कर रही है। संस्था आज झज्जर जिले के उद्योगों की प्रमुख प्रतिनिधि संस्था के रूप में उद्योगों की समस्याओं, विकास एवं हितों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।
संस्था केवल उद्योगों की आवाज़ बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा उद्योगों और कर्मचारियों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं सुविधाओं की जानकारी उद्योगों तथा कर्मचारियों तक पहुँचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वहीं उद्योगों की समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित विभागों एवं सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में भी संस्था एक सशक्त सेतु की भूमिका निभा रही है।
बैठक में संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी सराहना की गई। कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, उनके बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा अभियान मंथन – संपूर्ण विकास केंद्र, सामाजिक सहयोग तथा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन निरंतर किया जा रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द मंथन संपूर्ण विकास केंद्र का विस्तार किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों एवं समाज के अभावग्रस्त बच्चों को इस केंद्र में शिक्षा प्रदान की जा सके और उनका भविष्य उज्वल बनाने की ओर एक सकारात्मक कदम उठाया जा सके।
संस्था उद्योगों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं, विभागीय प्रक्रियाओं तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने हेतु सिंगल विंडो की तर्ज पर भी कार्य कर रही है।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कार्यकारिणी का विस्तार करने पर भी सहमति बनी। इसके अंतर्गत संस्था में स्पेशल इनवाइटी (Special Invitee) सदस्यों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए कोबी के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा ताकि वे संस्था से और अधिक सक्रिय रूप से जुड़कर उद्योगों, कर्मचारियों एवं समाज के हित में निस्वार्थ भाव से अपना योगदान दे सकें।
साथ ही बैठक में टिकरी बॉर्डर दोनों तरफ पर सड़क के खस्ता हालत ओर उसके कारण उद्योगपतियों, कर्मचारियों एवं आम जन को आने वाली समस्याओं के बारे में भी चर्चा को है और निर्णय लिया गया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को इसके बारे में पत्राचार द्वारा अवगत कराकर इसका निवारण करने का प्रयास कोबी द्वारा किया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ भविष्य में भी उद्योगों के सर्वांगीण विकास, कर्मचारियों के कल्याण तथा सरकार और उद्योगों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के अपने उद्देश्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।
आभार
टीम कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी)
झज्जर (हरियाणा)

