COBI Raises Concern Over Industrial Waterlogging, Calls for Long-Term Drainage Infrastructure
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का प्रतिनिधित्व कर रही औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) के प्रतिनिधिमंडल ने आज बहादुरगढ़ के माननीय एसडीएम श्री अभिनव सिवाच (आईएएस) तथा एचएसआईआईडीसी बहादुरगढ़ के अधिकारियों के साथ एमआईई पार्ट-ए एवं पार्ट-बी औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर भारी वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।
प्रतिनिधिमंडल में कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ, कार्यकारिणी सदस्य श्री गणेश गुप्ता, कोबी सदस्य श्री प्रिंस गुप्ता, श्री तरसेम मंगला, श्री गजेन्द्र यादव सहित अनेक उद्योगपति उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कोबी ने उद्योगों की ओर से एसडीएम महोदय एवं एचएसआईआईडीसी अधिकारियों से आग्रह किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में जमा वर्षा के पानी को तत्काल पंपों की सहायता से निकाला जाए, ताकि उद्योगों में उत्पादन कार्य सामान्य रूप से प्रारंभ हो सके तथा उद्योगों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि केवल अस्थायी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल निकासी की स्थायी एवं वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे भविष्य में प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली ऐसी गंभीर जलभराव की समस्या से उद्योगों को राहत मिल सके।
कोबी ने कहा कि यदि एचएसआईआईडीसी द्वारा समय रहते योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से ड्रेनेज व्यवस्था पर कार्य किया गया होता, तो आज औद्योगिक क्षेत्रों में इतनी गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं होती और हजारों उद्योगों को इस प्रकार की परेशानियों एवं आर्थिक नुकसान का सामना नहीं करना पड़ता।
कोबी ने प्रशासन एवं एचएसआईआईडीसी से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए तथा एक दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वित की जाए, जिसस औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
आभार
टीम कोबी



