Relief in LPG Gas Supply for Industrial Employees
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का नेतृत्व कर रही औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) निरंतर जिले के उद्योगों एवं उनमें कार्यरत कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य करने हेतु प्रतिबद्ध है।
वर्तमान वैश्विक संकट की स्थिति में, जब विश्व युद्ध जैसे हालातों के कारण अस्थिरता बनी हुई है, ऐसे समय में हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करना है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, उपाध्यक्ष श्री विपिन बजाज, महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष श्री अशोक कुमार मित्तल एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों व कोबी के सभी सदस्यों ने झज्जर जिले के माननीय उपायुक्त श्री स्वप्निल रवीन्द्र पाटिल (आईएएस), बहादुरगढ़ के माननीय एसडीएम श्री अभिनव सिवाच (आईएएस) तथा सभी संबंधित अधिकारियों का इस कठिन समय में उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में दिए गए सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया है।
बेशक उद्योगों के उत्पादन हेतु विभिन्न प्रकार की गैसों की उपलब्धता में वर्तमान समय में कुछ कमी है,
लेकिन कर्मचारियों के लिए एलपीजी गैस की उपलब्धता के कारण स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही है।
प्रशासन द्वारा उद्योगों एवं कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु अत्यंत सराहनीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
कर्मचारियों के लिए छोटे एलपीजी सिलेंडरों की जो भी मांग आ रही है, वह लगभग पूरी की जा रही है।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि उद्योग देश की रीढ़ हैं और कर्मचारी उद्योग की शक्ति। ऐसे में यदि कर्मचारी प्रभावित होंगे, तो उद्योग भी प्रभावित होंगे। अतः हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि किसी भी कर्मचारी को इस आपातकालीन स्थिति में परेशानी न हो। हम, कोबी की ओर से जिले के सभी उद्योगों से अनुरोध करते हैं कि उत्पादन से पहले अपने कर्मचारियों के लिए आवश्यक गैस की मांग समय पर अवश्य साझा करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से सभी कर्मचारियों को यह सुविधा सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जा सके।
वर्तमान में जिले में छोटे गैस सिलेंडरों की कोई विशेष कमी नहीं है। यद्यपि आपूर्ति में 2–3 दिन का अंतर आ सकता है, फिर भी सभी गैस एजेंसियों का पूर्ण सहयोग मिल रहा है।
साथ ही, सिलेंडर खाली होने पर कर्मचारी उसे अपने कार्यरत औद्योगिक संस्थान में ही जमा कर सकते हैं। औद्योगिक संस्थान द्वारा जिस एजेंसी ने उन्हें सिलेंडर दिए हैं उन्हें सूचना दिए जाने पर संबंधित सिलेंडरों को वहीं पर प्रतिस्थापित (रिप्लेस) कर दिया जाएगा, जिससे कर्मचारियों का समय भी बचेगा और वो इस मूलभूत सुविधा से वंचित भी नहीं होंगे।
कोबी इस विषम परिस्थिति में उद्योगों एवं कर्मचारियों को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रयासरत है।
आभार
टीम कोबी


