COBI Raises Objection Over Mobile Tower in Industrial Area Park
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का नेतृत्व कर रही औद्योगिक संस्था कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के माननीय सदस्य एवं उद्योगपतियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ के एमआईई पार्ट-बी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक पार्क में मोबाइल टावर लगाए जाने की गतिविधि को लेकर उद्योगों में गहरी चिंता और नाराजगी व्याप्त है।
प्लॉट नंबर 1868–1869 के सामने स्थित पार्क/ग्रीन एरिया में एक मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा टावर लगाने के लिए खुदाई का कार्य किया जा रहा है, जबकि यह स्थान औद्योगिक क्षेत्र का निर्धारित पार्क है, जिसे संरक्षित और विकसित किया जाना चाहिए।
इस संबंध में कोबी द्वारा पहले भी इसका विरोध करते हुए यह जानने का प्रयास किया गया था ओर पिछले शनिवार भी पत्राचार द्वारा इसकी जानकारी मांगी गई थी कि यह टावर किसकी अनुमति से लगाया जा रहा है और किस कंपनी द्वारा लगाया जा रहा है, इस जगह को किराए पर दिया गया है या अलॉटमेंट किसके नाम पर दी गई है , लेकिन अब तक इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई है ना ही अब तक किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी या अनुमति से संबंधित दस्तावेज सामने नहीं आए हैं।
कोबी के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बने पार्क और ग्रीन बेल्ट पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। कोबी द्वारा उद्योगों के साथ मिलकर लगातार इन पार्कों के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के प्रयास किए जाते हैं ताकि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके। ऐसे में यदि इन्हीं पार्कों के बीच मोबाइल टावर स्थापित किए जाते हैं तो इससे पार्कों का मूल उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा।
कोबी लंबे समय से संबंधित विभाग से निवेदन कर रही है कि औद्योगिक क्षेत्रों के पार्कों को दुरुस्त करके इन्हें उद्योगों को हवाले कर दें ताकि आगे की देख रख सही ढंग से आस पास के उद्योगों द्वारा की जा सके। इस विषय पर भी विभाग की ओर से अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है और अब इस तरह की गतिविधि एक चिंता का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल टावरों से निकलने वाले इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन को लेकर भी लोगों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं, विशेष रूप से जब ऐसे टावर आवासीय या कार्यस्थल के समीप लगाए जाते हैं। इसके अतिरिक्त पार्क क्षेत्र में निर्माण गतिविधि होने से हरियाली नष्ट होने, पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ने तथा क्षेत्र की सौंदर्यता प्रभावित होने का भी खतरा रहता है।
आसपास की उद्योग इकाइयों द्वारा इस टावर के विरोध में अपनी आपत्ति दर्ज करवाई गई है, लेकिन अभी तक उनकी चिंताओं पर कोई ठोस सुनवाई नहीं हुई है।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने संबंधित विभागों और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तुरंत जांच की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि उक्त पार्क क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने की अनुमति किसके द्वारा और किन शर्तों के तहत दी गई है। यदि इस संबंध में कोई वैध अनुमति नहीं है तो इस गतिविधि को तुरंत रोका जाए और पार्क क्षेत्र को उसके मूल उद्देश्य के अनुसार संरक्षित किया जाए।
कोबी ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि औद्योगिक क्षेत्र के पार्कों और ग्रीन एरिया को किसी भी प्रकार के व्यावसायिक उपयोग से बचाया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके और उद्योगों तथा कर्मचारियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
आभार
टीम कोबी



