COBI and Indian Red Cross Society Haryana Conduct Blood Donation Camp on Governor’s Birthday
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का प्रतिनिधित्व कर रही औद्योगिक संस्था कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) द्वारा सीएसआर कमेटी के सदस्य के रूप में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा के साथ मिलकर एक रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर माननीय हरियाणा के राज्यपाल एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा के चेयरमैन श्री अशिम कुमार घोष जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
यह शिविर ज़खौदा स्थित एमफोर्ट फुटवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड एवं विन टीटी ऑटो ग्लोबल एलएलपी के परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कोबी के माननीय सदस्य एवं झज्जर जिले के उद्योगपतियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग जी के मार्गदर्शन में कोबी के माननीय सदस्यों ने इस सामाजिक सेवा के कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस शिविर के दौरान एकत्रित हुई रक्त यूनिट को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा के ब्लड बैंक के माध्यम से समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जाएगा।
रक्तदान महादान है और यह एक ऐसा कार्य है जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उद्योग जगत केवल आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभाता है, और इसी भावना के साथ अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग के मार्गदर्शन में कोबी द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के संयुक्त सचिव श्री सुरेंद्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष श्री अशोक कुमार मित्तल सहित माननीय कोबी कार्यकारीनि सदस्य एवं झज्जर जिले के उद्योगपति श्री रवि चमड़िया, श्री राजेश गर्ग, श्री तिलक राज गर्ग, श्री सुशील पारीक, श्री राजेश गोयल, श्री सुरेश कुमार, श्री सुनील शर्मा, श्री कुलजीत कुमार, श्री नीरज गोयल, श्री सुशील अग्रवाल सहित अन्य उद्योगपति एवं कोबी सदस्यों ने हिस्सा लिया।
रक्तदान शिविर के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक औद्योगिक कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं तथा डॉक्टरों द्वारा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इस अवसर पर कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा की ओर से यह भी आश्वस्त किया गया कि यदि किसी कर्मचारी को किसी गंभीर बीमारी के उपचार अथवा किसी आवश्यक चिकित्सा उपकरण की आवश्यकता होगी, तो उसे यथासंभव निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
भविष्य में भी उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा द्वारा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में ऐसे नि:शुल्क साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस शिविर के आयोजन में सहयोगी संस्था कांता देवी जय प्रकाश जैन ट्रस्ट का योगदान भी अत्यंत सराहनीय रहा। ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कराए गए अतिरिक्त डॉक्टरों के कारण कर्मचारियों को और अधिक बेहतर एवं सुव्यवस्थित स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्राप्त हुई। इसके लिए कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज की ओर से ट्रस्ट का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज ने एमफोर्ट फुटवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक श्री नवल गर्ग जी, श्री रुद्र गर्ग, श्री तरुण गर्ग, एवं विन टीटी ऑटो ग्लोबल एलएलपी के निदेशक श्री तरुण ठुकराल जी का इस शिविर के सफल आयोजन में उनके महत्वपूर्ण सहयोग के लिए झज्जर जिले के सभी उद्योगों की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
टीम कोबी









