COBI and Divya Jyoti Jagriti Sansthan Celebrate Students’ Growth and Success
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का नेतृत्व करने वाली अग्रणी औद्योगिक संस्था कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय में आज दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा संचालित “मंथन–सम्पूर्ण विकास केंद्र” के बच्चों का वार्षिक परिणाम घोषित किया गया।
यह शिक्षा केंद्र, श्री आशुतोष महाराज जी द्वारा स्थापित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की एक महत्वपूर्ण पहल है। देशभर में इस प्रकार के कुल 19 “मंथन–सम्पूर्ण विकास केंद्र” संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक केंद्र कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय, एकेएम टावर, प्रथम तल, बहादुरगढ़ में संचालित हो रहा है।
इस केंद्र में झज्जर जिले के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के अभावग्रस्त बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, संस्कार, जीवन कौशल एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री जैसे किताबें आदि प्रदान की जाती हैं। यह संपूर्ण केंद्र झज्जर जिले के उद्योगों द्वारा ही प्रायोजित है, जहां बच्चों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की समर्पित शिष्याएं यहां बच्चों को शिक्षा प्रदान करती हैं। वर्तमान में कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 70 बच्चों को इस केंद्र में शिक्षित किया जा रहा है। साथ ही यहां बच्चों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, योगा शिविर इत्यादि भी समय समय पर आयोजित किए जाते हैं।
हालांकि, स्थान की सीमित उपलब्धता के कारण अधिक बच्चों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संदर्भ में कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) द्वारा सरकार से निवेदन किया गया है कि इस शिक्षा केंद्र को बड़े स्तर पर विस्तारित करने हेतु किसी खाली सरकारी भवन या विद्यालय की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को इस पहल का लाभ मिल सके और वे अपने जीवन को एक सही दिशा प्रदान कर सकें।
कोबी कार्यालय में संचालित ये मंथन संपूर्ण विकास केंद्र लगभग 15 महीनों से चल रहा है। यहां पढ़ रहे बच्चों में शुरू से लेकर अब तक कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं जिसका पूरा श्रेय दिव्य ज्योति जागृति संस्थान साध्वी रचिता भारती जी , साध्वी ज्योति भारती जी यहां पढ़ा रही सभी शिक्षिकाओं और संस्थान के स्वयं सेवकों को जाता है। आज आयोजित कार्यक्रम में पिछले वर्ष के 40 बच्चों का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें बच्चों के अभिभावक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस अवसर पर कोबी के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेंद्र वशिष्ठ, माननीय कार्यकारिणी सदस्य श्री नवल गर्ग, श्री रवि चमड़िया, श्री तिलक राज गर्ग, श्री अनिल गोयल सहित कोबी के सम्मानित सदस्य एवं झज्जर जिले के अनेक उद्योगपति उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को उनका परिणाम प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल बेहद आवश्यक है, जिससे समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकें। मंथन – संपूर्ण विकास केंद्र के माध्यम से हम अपने सामाजिक जिम्मेदारी को निभाती हुए ऐसे बच्चों को सहयोग कर सकते हैं जो समाज के अभावग्रस्त वर्ग से आता है और शिक्षा उनकी जीवन शैली में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें गलत दिशा की ओर भटकने से रोकने का कार्य कर सकती है। इस मुहीम के साथ आप भी जुड़ सकते हैं और पाने सामाजिक दायित्व को पूरा कर सकते हैं क्योंकि शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं है।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज का प्रयास है कि इस मंथन – संपूर्ण विकास केंद्र के माध्यम से झज्जर जिले के अधिक से अधिक कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षित कर उनके जीवन में एक सकारात्मक बदलाव ला सकें।
आभार
टीम कोबी











