Awareness Session on Government Portal for Regularization of Unplanned Industrial Areas Held at COBI Office
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का प्रतिनिधित्व कर रही औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी द्वारा की गई घोषणा के तहत अनियमित औद्योगिक क्षेत्रों को नियमित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने हेतु सरकार द्वारा शुरू किए गए पोर्टल के संबंध में एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
यह सत्र हरियाणा के माननीय डायरेक्टर जनरल ऑफ इंडस्ट्रीज श्री यश गर्ग (आईएएस) के मार्गदर्शन एवं झज्जर जिले के माननीय उपायुक्त श्री स्वप्निल रविन्द्र पाटिल (आईएएस) के दिशानिर्देश में आयोजित किया गया।
बैठक में झज्जर जिला एमएसएमई विभाग के माननीय जॉइंट डायरेक्टर श्री सुदर्शन जी एवं एमएसएमई विभाग से ही श्री दीपक जी ने इस विषय पर विस्तृत जानकारी साझा की।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग के नेतृत्व में झज्जर जिले के विभिन्न अनियमित औद्योगिक क्षेत्रों—जैसे बालाजी इंडस्ट्रियल एरिया, सूर्या नगर, एमआईई फ्री होल्ड एरिया आदि—से अनेक उद्योगपतियों ने इस बैठक में भाग लिया।
बैठक में कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, महासचिव श्री प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष श्री अशोक कुमार मित्तल सहित माननीय कार्यकारिणी सदस्य श्री दीपक शर्मा, श्री पुरुषोत्तम गोयल, श्री सुशील पारीक, श्री अभिषेक, श्री सुशील जैन, श्री अमरप्रीत सिंह, श्री अमरजीत सिंह, श्री गुलाब सिंह, श्री दीपक कुमार, श्री लक्ष्मी जिंदल, श्री देबी कांता सहित अन्य उद्योगपति उपस्थित रहे।
बैठक में श्री सुदर्शन कुमार जी ने आवेदन दर्ज करने हेतु सरकार द्वारा शुरू किए गए पोर्टल की जानकारी दी तथा बताया कि किस प्रकार अनियमित क्षेत्रों में, जहाँ कम से कम 10 एकड़ का सतत भू-भाग हो एवं कम से कम 50 औद्योगिक इकाइयाँ संचालित हों, वे संयुक्त रूप से पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
श्री दीपक जी ने पोर्टल पर आवेदन करने की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से विस्तारपूर्वक समझाया, जिससे उपस्थित उद्योगपतियों को प्रक्रिया को समझने और समयबद्ध रूप से आवेदन करने में सुविधा होगी।
सरकार का यह कदम उद्योग जगत में एक नई उम्मीद की लहर लेकर आया है। वे उद्योग जो वर्षों से रोजगार प्रदान कर रहे हैं, राजस्व दे रहे हैं तथा देश की प्रगति में अपना सक्रिय योगदान दे रहे हैं, किंतु अनियमित क्षेत्र में स्थित होने के कारण सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं—उनके लिए यह निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे झज्जर जिले के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और उद्योगों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ सुनिश्चित हो सकेंगी।
आभार
टीम कोबी




