Active initiative by COBI regarding the issue of gas supply in Jhajjar district.
झज्जर जिले के उद्योगों का नेतृत्व कर रही प्रमुख औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) ने जिले के उद्योगों एवं उनमें कार्यरत कर्मचारियों के समक्ष उत्पन्न गैस की गंभीर समस्या को लेकर प्रशासन के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाया है।
कोबी के अनुसार, कागज़ों में भले ही देश में घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं दर्शाई जा रही हो, किंतु जमीनी स्तर पर गैस की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। इसका सर्वाधिक प्रभाव उद्योगों में कार्यरत मजदूरों एवं कर्मचारियों पर पड़ रहा है, जो पहले से ही सीमित संसाधनों में जीवन यापन कर रहे हैं।
संस्था ने बताया कि जिन श्रमिकों के पास घरेलू गैस कनेक्शन हैं, उन्हें भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उनका नंबर लंबे समय तक नहीं आने के कारण उन्हें महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, 2 से 5 किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडर ₹400 से ₹500 प्रति किलोग्राम तक अत्यधिक महंगे दामों पर उपलब्ध हो रहे हैं, जो आम श्रमिक के लिए वहन करना अत्यंत कठिन है।
इस गंभीर विषय पर कोबी का प्रतिनिधिमंडल दिनांक 27 मार्च को हरियाणा सरकार के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के अंतर्गत छुड़ानी गांव में जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में शामिल हुआ, जहां इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके उपरांत, दिनांक 28 मार्च को हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार माननीय उपायुक्त, झज्जर श्री स्वप्निल रविंद्र पाटिल (आईएएस) द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निवासियों को संबोधित करते हुए यह आश्वस्त किया गया कि गैस की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है तथा आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, कोबी ने स्पष्ट किया कि धरातल पर स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
कोबी ने प्रशासन से मांग की है कि कालाबाजारी पर सख्त रोक लगाने हेतु गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं तथा अधिकृत सप्लायर्स के माध्यम से वितरण प्रणाली को सुचारू बनाया जाए। साथ ही, कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी से बचाने के लिए गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उद्योगों के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना कोबी की प्राथमिकता है, परंतु उससे भी अधिक महत्वपूर्ण उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भोजन बनाने हेतु गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसी दिशा में कोबी के प्रयासों से एक गैस एजेंसी के माध्यम से गैस सिलेंडर कनेक्शन उपलब्ध कराने की जानकारी प्राप्त हुई है। एजेंसी के अनुसार, यदि किसी उद्योग के कर्मचारियों को 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की आवश्यकता है, तो संबंधित उद्योग अपने कर्मचारियों का नाम, संपर्क नंबर, आधार कार्ड की प्रति तथा कंपनी की अंडरटेकिंग कोबी के हेल्पलाइन नंबर पर साझा कर सकते हैं अथवा सीधे एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। 5 किलोग्राम सिलेंडर का कनेक्शन शुल्क ₹800 निर्धारित किया गया है तथा गैस की कीमत उस दिन के सरकारी निर्धारित रेट के अनुसार ली जाएगी।
कोबी निरंतर प्रयासरत है कि सभी कर्मचारियों को समय पर गैस सिलेंडर सरकारी दरों पर उपलब्ध हो सके, जिससे उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त, उद्योगों को यह भी सुझाव दिया गया है कि वे अपनी आवश्यकताओं के अनुसार कमर्शियल गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करें, ताकि उत्पादन कार्य प्रभावित न हो।
अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए कोबी हेल्पलाइन नंबर 7500100080 पर संपर्क करें या ईमेल contact@cobijhajjar.org पर विवरण साझा करें।
कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) इस विकट परिस्थिति में झज्जर जिले के सभी उद्योगों एवं उनके कर्मचारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है तथा प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर समाधान निकालने के प्रयास कर रही है, ताकि उद्योगों का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे और श्रमिकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
आभार
टीम कोबी
(कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज)
