Key Initiative to Address Industrial Sewage Issues Through Proposed STP Project
औद्योगिक क्षेत्रों की सीवरेज समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, प्रस्तावित एसटीपी परियोजना के लिए उपयुक्त झज्जर वर्षा खंगवाल के मार्गदर्शन में पब्लिक हेल्थ विभाग पंचकुला के मुख्य अभियंता ने कोबी के साथ किया विस्तृत सर्वेक्षण
झज्जर जिले के उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाली औद्योगिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) द्वारा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों से जुड़े बुनियादी ढांचे एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट, पंचकूला के मुख्य अभियंता राजेश बंसल ने बहादुरगढ़ पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी नितिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बहादुरगढ़ के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तृत दौरा एवं सर्वेक्षण किया।
यह सर्वेक्षण गणपति धाम इंडस्ट्रियल एरिया, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, सूर्या नगर इंडस्ट्रियल एरिया तथा उद्योग विहार में स्थित औद्योगिक इकाइयों के सीवरेज के लिए प्रस्तावित नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की परियोजना तैयार करने एवं उसके लिए आवश्यक तकनीकी योजना बनाने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी वर्तमान स्थिति एवं उद्योगों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
सर्वेक्षण के दौरान मुख्य अभियंता राजेश बंसल एवं पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों ने प्रस्तावित एसटीपी की योजना के लिए विभिन्न स्थानों का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा सांखोल, बाराही फाटक, उद्योग नगर, गणपति धाम सहित उन सभी प्रमुख स्थानों एवं कनेक्टिंग ड्रेनों का भी मुआयना किया गया, जिनके माध्यम से संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों की सीवरेज व्यवस्था को प्रस्तावित एसटीपी से जोड़ा जाना है। इस दौरान सीवरेज के संभावित फ्लो, कनेक्टिंग ड्रेनों की स्थिति, पानी के निकास की दिशा तथा भविष्य में सीवरेज को एक व्यवस्थित ट्रीटमेंट सिस्टम से जोड़ने की संभावनाओं का जायजा लिया गया, ताकि परियोजना की तकनीकी रूपरेखा को व्यावहारिक एवं प्रभावी तरीके से तैयार किया जा सके।
गणपति धाम इंडस्ट्रियल एरिया, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, सूर्या नगर इंडस्ट्रियल एरिया और उद्योग विहार में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इन क्षेत्रों में सीवरेज के समुचित ट्रीटमेंट एवं डिस्पोजल की व्यवस्था लंबे समय से एक महत्वपूर्ण आवश्यकता रही है। एक आधुनिक एवं पर्याप्त क्षमता वाले एसटीपी के निर्माण से इन औद्योगिक क्षेत्रों की सीवरेज समस्या का स्थायी एवं वैज्ञानिक समाधान संभव हो सकेगा।
प्रस्तावित एसटीपी परियोजना को शीघ्र तैयार कर स्वीकृत करवाने तथा इसके निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाना बेहद आवश्यक है। यदि यह परियोजना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र आगे बढ़ती है और एसटीपी का निर्माण जल्द पूरा होता है, तो इससे संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित हजारों औद्योगिक इकाइयों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे सीवरेज के पानी के उचित उपचार, निकासी एवं प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत होगी तथा औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पर्यावरणीय स्थिति में भी सुधार आएगा।
मुख्य अभियंता श्री राजेश बंसल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ पूरी स्थिति का जायजा लिया तथा प्रस्तावित एसटीपी के लिए आवश्यक सर्वे एवं तकनीकी पहलुओं को समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की, ताकि परियोजना की विस्तृत योजना तैयार करने में मौके की वास्तविक परिस्थितियों को शामिल किया जा सके।
साथ ही नगर परिषद बहादुरगढ़ द्वारा गणपति धाम औद्योगिक क्षेत्र में बनाई जाने वाली प्रस्तावित सड़क के निर्माण से पूर्व पानी की लीकेज को चेक करके उसे ठीक किया जाएगा ताकि प्रस्तावित सड़क का निर्माण ठीक से किया जा सके।
पिछले दिनों झज्जर जिला उपयुक्त महोदया द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक की गई जिसमें झज्जर जिले के सभी उद्योगों ओर औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को सभी विभागों के समक्ष रखा गया। जिला उपयुक्त महोदया के मार्गदर्शन में कोबी जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, सीवरेज, जल निकासी, बिजली, पानी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठा रहा है और उनका स्थायी समाधान करवाने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय कर रहा है। प्रस्तावित एसटीपी परियोजना का शीघ्र क्रियान्वयन बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचागत सुधार साबित होगा और इससे उद्योगों को बेहतर एवं व्यवस्थित सीवरेज सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
आभार
टीम कोबी



