COBI Joins Hands with District Administration to Promote a Plastic-Free Future
विश्व प्लास्टिक मुक्त दिवस पर कोबी ने जिला प्रशासन के जागरूकता अभियान में निभाई सक्रिय भागीदारी
झज्जर जिले के सभी उद्योगों का प्रतिनिधित्व करने वाली औद्योगिक संस्था कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ (कोबी) ने आज विश्व प्लास्टिक मुक्त दिवस के अवसर पर बहादुरगढ़ सब्जी मंडी में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर झज्जर जिले की माननीय उपायुक्त श्रीमती वर्षा खांगवाल (आईएएस), बहादुरगढ़ के एसडीएम श्री अभिनव सिवाच (आईएएस), हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्री आशीष कौशिक और अन्य अधिकारी, बहादुरगढ़ नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी श्री संजय रोहिला एवं उनकी टीम, भाजपा के पूर्व झज्जर जिला अध्यक्ष श्री राजपाल जांगड़ा, जिला उपाध्यक्ष श्री नरेश भारद्वाज, सभी पार्षदगण, क्लीन एंड ग्रीन एसोसिएशन से डॉ. अजय जैन एवं उनकी टीम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज़ की ओर से अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग, संयुक्त सचिव श्री सुरेन्द्र वशिष्ठ, कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील गर्ग, श्री राजेश गर्ग, माननीय सदस्य श्री नरेन्द्र सिंगला, श्रीमती रिंकी कपूर, श्री मनीष कपूर, श्री अशोक यादव, श्री सुनील शर्मा, श्री सुशील जैन, श्री गजेन्द्र यादव तथा झज्जर जिले के उद्योगपति श्री मनोज सिंघल, श्री पवन जैन सहित अनेक उद्योगपति कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय उपायुक्त श्रीमती वर्षा खांगवाल ने नागरिकों से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न्यूनतम करने तथा उसे खुले में अथवा सामान्य कूड़े में फेंकने के बजाय उचित संग्रहण एवं रिसाइक्लिंग के लिए उपलब्ध कराने की अपील की। इस अवसर पर माननीय उपायुक्त एवं एसडीएम ने सब्जी मंडी में आए ग्राहकों को जूट के थैले वितरित कर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक बैग के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया।
कोबी के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि आज “विश्व प्लास्टिक मुक्त दिवस” केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी धरती, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करने का अवसर है।
आज प्लास्टिक हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है, लेकिन विशेष रूप से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन गई है। यह नदियों और जलस्रोतों को प्रदूषित करती है, पशुओं के लिए घातक सिद्ध होती है, मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करती है तथा सूक्ष्म प्लास्टिक कणों के रूप में मानव शरीर तक पहुँचकर स्वास्थ्य के लिए भी खतरा उत्पन्न करती है।
उद्योग केवल उत्पादन और आर्थिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व निभाना भी उनका कर्तव्य है। यदि उद्योग विकास के इंजन हैं, तो उन्हें हरित विकास (ग्रीन ग्रोथ) का नेतृत्व भी करना चाहिए।
कोबी अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग ने जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब सरकार, उद्योग, व्यापार और आम नागरिक मिलकर कार्य करेंगे, तभी स्वच्छ एवं हरित भारत का लक्ष्य साकार होगा। प्लास्टिक का पूर्ण विरोध करने के बजाय उसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा जहाँ भी संभव हो, कपड़े, जूट, कागज एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाएँ। यही व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान है।
प्रकृति हमें विरासत में नहीं मिली है, बल्कि हमने इसे अपनी आने वाली पीढ़ियों से उधार लिया है। इसलिए इसे सुरक्षित लौटाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। विश्व प्लास्टिक मुक्त दिवस को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर, जीवनभर पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग की सोच को अपनाने का संकल्प लें।
आभार
टीम कोबी



